वैज्ञानिक विधि से की गई खेती ज्यादा देती है लाभ
अशरफपुर में आयोजित चौपाल में बोले अपर गन्ना आयुक्त
मुंडेरवा(बस्ती)। शरद कालीन गन्ने की बुवाई को बढ़ावा देने के लिए घर-घर दस्तक अभियान के तहत शनिवार को रैली निकाली गई। मुख्य अतिथि अपर गन्ना आयुक्त वीके शुक्ल ने बताया कि गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए शासन ने तमाम योजनाएं शुरू की हैं।
अशरफपुर में आयोजित चौपाल में अपर गन्ना आयुक्त ने बताया कि वैज्ञानिक विधि की गई खेती ज्यादा लाभ देती है। चीनी मिल किसानों को अनुदान पर बीज, उर्वरक, कीटनाशक आदि उपलब्ध करा रही है। स्वयं सहायता समूह की सखियों से बातचीत कर गन्ने का रकबा बढ़ाने में उनका सहयोग मांगा।
डीसीओ मंजू सिंह शासन की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। मिल के प्रधान प्रबंधक ब्रजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि गन्ना उत्पादन बढ़ने के बाद ही किसानों को फायदा पहुंचेगा। रैली चीनी मिल परिसर से डारीडीहा, पिपराकला, टेमा रहमत, छपिया, सालेपुर, अशरफपुर, कुर्थिया, मोहनाखोर, ठकुरापार, नेवारी, शोभनपार तक निकाली गई।
कार्यक्रम को गन्ना सलाहकार एसपी मिश्र व मुख्य गन्ना प्रबंधक कुलदीप द्विवेदी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर विश्वजीत पाल, विनोद राय, फूलचंद पटेल, परशुराम यादव, रमेश सिंह, डॉ. उपेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।