बस्ती। रबी सीजन में सहकारिता विभाग ने पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा किया है। सहकारी समितियों के माध्यम से खाद का वितरण किया जा रहा है। एआर कोऑपरेटिव रविशंकर ने बताया कि जिले में यूरिया, डीएपी और एनपीके की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। किसानों को खाद की किल्लत नहीं होने दी जाएगी
उन्होंने बताया कि शनिवार को बस्ती रैक पर 750 मीट्रिक टन डीएपी और 378 मीट्रिक टन एनपीके की खेप पहुंचने वाली है। इसके बाद समितियों के माध्यम से किसानों में वितरित की जाएगी। शासन की ओर से जिले में रबी अभियान के लिए 22,596 मीट्रिक टन यूरिया, 10,140 मीट्रिक टन डीएपी और 1,457 मीट्रिक टन एनपीके का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 1,497 मीट्रिक टन यूरिया, 1,948 मीट्रिक टन डीएपी और 152 मीट्रिक टन एनपीके का वितरण किया जा चुका है।
वर्तमान में पीसीएफ के बफर स्टॉक में 4,580 मीट्रिक टन यूरिया, 659 मीट्रिक टन डीएपी और 1,728 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इफको के क्षेत्र प्रबंधक ने भी जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी दी है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक उर्वरक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता बस्ती ने बताया कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।