समिति पर प्रदर्शन करते गन्ना किसान।
- फोटो : amar ujala
बभनान। गन्ना पर्ची न मिलने से नाराज किसानोें ने गन्ना समिति बभनान पर प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि समिति पर किसानों की समस्या सुनने वाला भी कोई नहीं है। जहां सचिव आएदिन नदारद रहते हैं तो वहीं मातहत उनकी सुनते ही नहीं हैं।
बृहस्पतिवार के दोपहर बाद गन्ना समिति बभनान पर पहुंचे किसानों ने कहा कि अभी उनकी पेड़ी खेतों में खड़ी है, लेकिन पर्ची नहीं मिल रही है। अपनी समस्या सुनाने के लिए जब वे समिति पर पहुंच रहेे हैं तो सचिव कक्ष में ताला लटकते देखकर उन्हें बैरंग लौट जाना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों में शामिल सिसहनी गांव निवासी कन्हई ने कहा कि उनके पास तीन बीघा गन्ना है पर अभी तक उसका सर्वे ही नहीं हुआ। किसान दीनानाथ, रामनरेश, रामसरन आदि ने कहा अभी तक उनकी एक भी पर्ची नहीं आयी। किसानों को आशंका सताने लगी है कि कहीं उनका गन्ना पर्ची के अभाव मेें खेतों में सूख न जाए। इस मौके पर हनुमंत चौधरी, राम दुलारे, माता प्रसाद, राजेन्द्र प्रसाद, शांति, उदय भान, ज्वाला प्रसाद, रामकिशोर, लुटावन, शेषमणि, लक्ष्मीकांत, राजेश, राम जनम वर्मा, मलय, सोमई, गंगाराम, निरंजन सहित तमाम किसान मौजूद रहे। जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला ने बताया कि विक्रमजोत में तैनात सचिव मोतीराम को बभनान समिति का भी कार्यभार दिया गया था। अब वे कल से नियमित वहां रहेंगे।