नगर बाजार (बस्ती)। सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम नौगढ़ में सर्विस रोड निर्माण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भदौरिया गुट) का बेमियादी धरना दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा।
किसानों का आरोप है कि रिंग रोड के तहत बन रहे पुल के दोनों ओर सर्विस रोड न होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बुधवार को धरना स्थल पर दर्जनों की संख्या में किसान एकत्र हुए और किसान एकता ज़िंदाबाद, सर्विस रोड बनाओ-किसानों की सुनो के नारे लगाए।
आंदोलन का नेतृत्व भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सर्वेश सिंह ने कहा कि रिंग रोड ब्रिज का निर्माण तो तेजी से हो रहा है, मगर ग्रामीणों के लिए सर्विस रोड का इंतजाम न होना गंभीर लापरवाही है।
किसानों का कहना है कि आने वाले समय में यह समस्या और विकराल रूप ले लेगी।
धरने में महिलाओं और युवाओं की भी भागीदारी रही। धरना स्थल पर पहुंचे नगर थाना प्रभारी विश्व मोहन राय ने कहा कि किसानों की शिकायत गंभीर है, इसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है।
संगठन की जिलाध्यक्ष रीतू वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
धरने में अवधेश यादव, राम दयाल, दुर्गेश शुक्ला, राजा राम यादव, गोली मौर्य, विनोद यादव, विशाल कुमार, विश्वजीत मौर्य, रामकिशुन, राम सहाय आदि मौजूद रहे।