बस्ती। तल्ख धूप, उमस भरी गर्मी और पानी के लिए बेहाल किसानों को मानसून की बारिश ने भारी राहत दी है। रविवार भोर से ही रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच तापमान भी लुढ़ककर कर 33 डिग्री जा पहुंचा। सुबह होते ही किसान खेतों में पहुंच धान रोपाई का कार्य तेज कर दिए।
मानसून की पहली बारिश हालांकि झमाझम नहीं रही लेकिन रुक-रुक हो रही बरसात से गर्मी से निजात जरूर मिल गई। गड्ढे वाली सड़कें पानी से लबालब हो गईं। इससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भानपुर प्रतिनिधि के मुताबिक किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। धान की रोपाई तेज हो गई है। तहसील क्षेत्र के भानपुर, नरखोरिया, रामनगर, बनवधिया, असनहरा, मोहम्मदनगर, बाराकोनी, चेरूईया में किसान खेतों में नजर आए। सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार रविवार सुबह से ही हो रही बारिश से हर किसी के चेहरे पर मुस्कान है। गर्मी का प्रकोप कम हुआ ही खेती किसानी भी तेज हो गई। ब्लॉक रोड सल्टौआ पर नालियों में बरसात का पानी भरा हुआ है। सोनहा चौराहे से थाना रोड के बीच पूर्वांचल ग्रामीण बैक के सामने पानी भरने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भिटिया चौराहे पर जल निकासी कि व्यवस्था नहीं होने के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नगर बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक मानसून ने सबको भिगो दिया। रामवचन, जमील अहमद, सीताराम, जगदीश शर्मा, शिवयज्ञ दूबे आदि किसानों का कहना है कि ऐसे ही बारिश होती रही तो धान की पैदावार अच्छी होगी। रौसिंहापार, बिरऊपुर, टेमा, बक्सर, नचना, कूडी आदि ग्रामीण क्षेत्र के किसान धान की नर्सरी तैयार करने में लगे हैँ।
मजदूरों की कमी होने से बढ़ी परेशानी
गायघाट। लगातार हो रही बरसात से किसानों में सबसे ज्यादा खुशी है। धान रोपाई करने के लिए बारिश के इंतजार के बाद अब मजदूर नहीं मिलने से परेशानी बढ़ गई है। किसान धान की रोपाई के लिए जुताई कराकर खेत पहले ही तैयार कर लिए थे। नर्सरी भी तैयार थी। अब तेज बारिश होते ही धान रोपाई का काम तेजी पकड़ ली। हर किसान बारिश का लाभ उठाने के लिए मजदूरों को खोजने में जुटा रहा लेकिन सब अपनी किसानी में रहे जिससे लोग कई गांवों तक मजदूर की तलाश में दौड़ते रहे। सिंगही के सीताराम गुप्ता, दिनेश श्रीवास्तव, कोरमा के किसान ऋषिदेव चौधरी का कहना है कि बारिश समय से हो रही है जिससे हर किसान उत्साहित है। बड़वारे निवासी ठाकुर प्रसाद पाण्डेय बताते हैं कि मजदूरों का कहना है कि पहले हम अपने खेत की रोपाई करेंगे।
सड़कों पर पानी भरने से दुश्वारियां बढ़ीं
महराजगंज। कस्बे में पहली बरसात ने ही विकास की हालत दिखा दी है। हाईवे पर बसे कस्बे में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से सर्विस रोड पर पानी भर गया है। कस्बे में सामान खरीदने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। शुभम गुप्ता, छेदीलाल, बृजेश त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एनएचएआई के इस सर्विस रोड के बगल बनवाई गई नाली जाम हो गई है। कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सर्विस रोड पर पानी भरने से हम लोगों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
फोटो
बारिश के दौरान विद्यालय में गिरा पेड़
अवकाश होने से विद्यालय में बच्चे नहीं थे
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। मानसून की पहली बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी वहीं कुछ लोगों के लिए मुसीबत भी बन गई है।
तेज बारिश से नम हुई मिट्टी के चलते बस्ती-डुमरियागंज मार्ग के उकडा पोखरा तिराहे के पास स्थित एक निजी विद्यालय के सामने लगा आम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़ कर विद्यालय परिसर में जा गिरा। जिससे स्कूल की चहारदीवारी टूट गई। आसपास के लोगों ने बताया कि रविवार का दिन और बारिश का मौसम होने के नाते विद्यालय में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार को सुबह तेज बारिश के बीच पेड़ अचानक जड़ से उखड़ कर गिर पड़ा।