संवाद न्यूज एजेंसी कप्तानगंज (बस्ती)। कस्बे के राजकीय बीज भंडार पर गेहूं के बीज के लिए सुबह से ही किसानों की भीड़ लग गई। बीज नहीं मिलने पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिला कृषि अधिकारी ने गोदाम पर गेहूं के बीज का वितरण शुरू कराया, तब जाकर किसान शांत हुए।
राजकीय कृषि बीज भंडार पर गेहूं बीज के लिए रविवार सुबह किसानों की भीड़ जुट गई। करीब 11 बजे तक बीज का वितरण नहीं शुरू हुआ तो किसानों का आक्रोशित फूट पड़ा। कुछ किसानों ने गोदाम प्रभारी से नोकझोंक भी की। किसानों का आरोप था कि गोदाम पर गेहूं का बीज लेने के लिए एक सप्ताह से चक्कर लगा रहे हैं।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्या ने आनन-फानन पॉश मशीन में स्टाॅक को एक्टिव करते हुए बीज वितरण शुरू कराया। कप्तानगंज राजकीय बीज भंडार के गोदाम प्रभारी डॉ. शिवम कुमार चौधरी ने बताया कि गोदाम पर तीन सौ क्विंटल गेहूं का बीज आया था, उसे किसानों में वितरित जा रहा है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया की जिले के हर गोदामों पर बीज उपलब्ध है।