टीबी अस्पताल के निकट नर्सिंग होम में प्रसूता मौत पर हंगामा करते परिजनों से वार्ता करती पुलिस
बस्ती। शहर के टीबी अस्पताल के पास एक नर्सिंग होम में मंगलवार को प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुरानी बस्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। परिजन चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। कार्रवाई की मांग की जा रही है। सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ को जांच के निर्देश दिए हैं।
घटना स्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती महेश सिंह का कहना है कि परिजन ने कोई शिकायत नहीं की है। वह लोग शव लेकर चले गए। कुछ संगठनों के लोग भी वहां पहुंच गए थे, जिससे कुछ देर के लिए मामला गर्म हो गया था। जानकारों का कहना है कि पिछले कुछ माह में उस निजी अस्पताल में तीसरी प्रसूता की मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के चरकैला गांव की गर्भवती को सोमवार शाम को प्रसव के लिए नर्सिंग होम में को भर्ती कराया गया था। खून का बहना रुक नहीं रहा था। यहां भी सेवा देनी वाली मेडिकल कॉलेज की महिला चिकित्सक ने इलाज शुरू किया। मंगलवार सुबह मरीज की हालत बिगड़ने लगी थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को कोई चिकित्सक मरीज को देखने नहीं पहुंचा। इलाज न होने के बाद भी वहां मौजूद कर्मियों ने मरीज को रोके रखा और मंगलवार दोपहर मरीज की मौत हो गई।
आरोप है कि मरीज की मौत होने के बाद अस्पताल कर्मियों ने आनन-फानन रेफर कर दिया था। परिजनों को जब मौत की भनक लगी तो उन्होंने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।