संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के गांधीनगर सब्जी मंडी में ग्राहक सेवा केंद्र पर दिन दहाड़े तमंचा सटाकर 90 हजार रुपये की लूट की सूचना से पुलिस विभाग में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पूछताछ शुरू की तो संदेह होने लगा।
सूचना देने वाला भी पुलिस के सवालों का जवाब देने में अटकने लगा। शिकायतकर्ता को कोतवाली ले जाकर पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि बकाया रुपये चुकाने से बचने के लिए लूट की कहानी रची थी।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी के मुताबिक, ग्राहक सेवा केंद्र संचालक संजय के खिलाफ 24 फरवरी को कोतवाली में प्रार्थनापत्र दिया गया था। इसमें बताया गया था कि उसने नौ लाख रुपये का लोन कराया था। लोन की रकम में से पांच लाख रुपये लोन कराने वाले को देने के साथ ही शेष रकम को खुद अपने व भाई के खाते में जमा करा लिया था। यही रुपये संजय को लौटाना था।
संजय ने 11 मार्च को रुपे लौटाने की बात कही थी। रुपये न लौटाना पड़े, इसलिए यह पूरी कहानी रच डाली। मंगलवार की दोपहर करीब 12:30 बजे डायल 112 पर लूट की सूचना देते हुए बताया कि बाइक सवार दो युवक आए और काउंटर में रखा 90 हजार रुपये असलहा सटाकर लूट लिया। सूचना पर पुलिस दुकान पर पहुंची तो सीसीटीवी कैमरा बंद मिला।
पूछने पर बताया कि सीसी कैमरा खराब है। आसपास के किसी दुकानदार को भी घटना की भनक नहीं हुई। संजय भी बार-बार अपना बयान बदलने लगा। शक होने पर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो सारी सच्चाई सामने आ गई।