तूल पकड़ा फेसबुक पर कमेंट का मामला
परशुरामपुर (बस्ती)। पिटाई के बाद फेसबुक पर व्यापारियों के संबंध में कटाक्ष करने वाली पोस्ट डालने के मालीपुर नेउरी बाजार के मामले ने बुधवार को तूल पकड़ लिया। व्यापारियों में बढ़ते असंतोष को देखते हुए पुलिस ने आशीष के पिता उदय भान की तहरीर पर सिरसहवा निवासी शिवम व सौरभ सिंह पर प्राणघातक हमला करने के मामले में मुकदमा पंजीकृत किया है।
सोमवार को आशीष मखौड़ा बाजार से दिन में करीब तीन बजे दवा लेकर लौट रहे थे। माली पुरवा के पास कुछ लोगों ने आशीष को बुरी तरह मारा पीटा जिससे उनका दोनों हाथ टूट गया। दोनों पैरों में भी गंभीर चोटें आईं व चेहरे पर भी जख्म हुआ। सीएचसी परशुरामपुर पर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने आशीष को जिला चिकित्सालय अयोध्या रेफर कर दिया। इसके बाद एक व्यक्ति ने अपनी फेसबुक आईडी पर व्यापारियों के बारे में आपत्तिजनक कमेंट वाली पोस्ट डाल दी। जिससे परशुरामपुर बाजार के अलावा आसपास क्षेत्र के व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश उत्पन्न हो गया।
व्यापारी एकजुट होकर थाने पहुंचे और तहरीर देकर एसओ से कार्रवाई की मांग करने लगे। एसओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।