बस्ती। जनपद सिंचाई बुंध की बैठक शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने किसानों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। प्रगति कमजोर पाए जाने पर नाराजगी जताई।
जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने नोडल अधिकारी/अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड-4 दिनेश मोहन को बैठक में अनुपस्थित नामित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक की कार्यवृत्ति की अनुपालन आख्या एक सप्ताह के भीतर लिखित रूप में जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र ने कहा कि अधिकारी शासन की योजनाओं को किसानों के हित में लागू करें। क्योंकि किसानों की समस्याओं से जनप्रतिनिधियों को रोजाना सामना करना पड़ता है।
विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चंद्र सोनकर ने कहा कि विभागीय अधिकारी योजनाओं पर खर्च की गई धनराशि का विवरण सूची पारदर्शी ढंग से बैठक में प्रस्तुत करें। गुमराह करने वाली सूची प्रस्तुत न की जाए। सदर विधायक के प्रतिनिधि मोहम्मद सलीम ने कहा कि पूर्ण रूप से खराब हो चुके नलकूप का मलबा मार्ग में अवरोधक बना हुआ है। इस पर सीडीओ ने अधिशासी अभियंता नलकूप को मलबा हटवाने के निर्देश दिए।
एई अजय कुमार ने बताया कि सरयू नहर खंड-4 बस्ती में किसानों के सिंचाई के लिए 220 क्यूसेक पानी उपलब्ध है। जल्द ही अंतिम टेल तक पानी उपलब्ध हो जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह ने बताया कि किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान कराया जा रहा है। उद्यान विभाग के अधिकारी ने बताया कि जनपद में किसानों के लिए फ्री सब्सिडी सब्जी, बीज उपलब्ध है। पंजीकृत किसान इसका लाभ उठा सकते हैं।