बीज वितरण केंद्र का निरीक्षण करते कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी।
बस्ती। प्रदेश के कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी रविवार को बस्ती पहुंचे। उन्होंने खाद- बीज की उपलब्धता और वितरण की समीक्षा किया। इस दौरान निर्देश दिए कि सभी समितियों पर एनपीके और डीएपी उर्वरक की आपूर्ति अतिशीघ्र कर दी जाए। समिति और बीज वितरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान रेट लिस्ट और अनुदान की वॉल पेंटिंग नहीं पाए जाने पर वह काफी नाराज भी हुए।
समीक्षा के दौरान जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य ने बताया कि 12500 क्विंटल गेहूं बीज लक्ष्य के सापेक्ष कुल प्राप्ति 8500 क्विंटल की हुई है। खेत नमी होने के कारण किसानों ने गेहूं की बुवाई शुरू कर दी है। ऐसे में बीज का डिमांड बढ़ गया है। इस पर निदेशक ने अतिशीघ्र लक्ष्य के सापेक्ष शेष बीज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह समिति और बीज वितरण केंद्र का निरीक्षण करने निकल पड़े। सॉऊघाट बीज वितरण केंद्र पर निरीक्षण के दौरान दीवाल पर बीज अनुदान और उसके वाजिब कीमत का वॉल पेंटिंग नहीं पाया गया। इसी तरह बसडीला सहकारी समिति पर भी उर्वरक पर मिलने वाले अनुदान और प्रति बोरी कीमत लिखी वॉल पेंटिंग नहीं पाई गई। इस पर कृषि निदेशक काफी नाराज हुए।
डीएओ को निर्देशित किया कि यदि दो दिन के भीतर सभी समितियों, बीज वितरण केंद्र और निजी क्षेत्र की दुकानों पर रेट लिस्ट और अनुदान वॉल पेंटिंग नहीं कराई गई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कराई जाएगी।