बस्ती। स्पेशल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का विलंब से पहुंचना अभी बंद नहीं हुआ है। बृहस्पतिवार को भी कई ट्रेनें देर पहुंची। इससे स्टेशन पर भीड़ बढ़ी रही है और लोगों को परेशान होना पड़ा रहा है।
बता दें कि बस्ती रेलवे स्टेशन से होकर जाने वाली गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 8 घंटे की देरी से पहुंची। यात्रियों को काफी देर तक स्टेशन पर इस ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ी। रेलवे समय सारणी के अनुसार इस ट्रेन को सुबह 7.52 बजे पहुंचना था लेकिन शाम 4 बजे के करीब बस्ती रेलवे स्टेशन पर आईं।
इसके अलावा जो अन्य स्पेशल ट्रेनें विलंब से चल रही है, उनमें अमृतसर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 3 घंटे, दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 2 घंटे, अमरनाथ एक्सप्रेस 2 घंटे, मुंबई स्पेशल ट्रेन 4 घंटे, बरौनी नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 3 घंटे, चंडीगढ़ डिब्रूगढ़ ढाई घंटे और पूणे गोरखपुर स्पेशल अपने निर्धारित समय से 3.30 घंटे की देरी से चल रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन के सुचारू संचालन को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।