दहेज के लिए घर से निकाला, 11 ससुरालियों पर केस
बस्ती। वाल्टरगंज पुलिस ने दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने व घर से निकालने के आरोप में उसके ससुराल के 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, रुधौली थाना क्षेत्र की रहने वाली पूनम की शादी वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के तरेता निवासी कृष्ण आदित्य के साथ हुई है। वर्तमान में मायके में रह रही पूनम ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने कम दहेज लाने का ताना देते हुए उससे दो लाख रुपये व बाइक की मांग की है। इस बात को लेकर उसे मारापीटा गया। मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित कर उसे घर से निकाल दिया गया। वाल्टरगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति कृष्ण आदित्य, ससुर राजकुमार, सास अनारपति, ननद मतिया, सतिया, एवरमती, सेमावती, मेधावती व मधुलिका समेत 11 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।