बस्ती। डा. राममनोहर लोहिया के प्रिय शिष्य, समाजवादी आंदोलन के अगुवा पूर्व सांसद बृजभूषण तिवारी को उनकी चौथी पुण्यतिथि पर संकल्पों के साथ याद किया गया। सोमवार को जिला पंचायत हाल में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके योगदान, सहजता और संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि वे रचनात्मक प्रतिरोध का आदर करते थे।
पूर्व विधायक राजमणि पांडेय ने कहा कि बृजभूषण तिवारी की राजनीति जनता के साथ शुरू होती है। वे सत्ता और सुविधा के लिए कभी नहीं दौड़े। पूर्व विधायक रामललित चौधरी, सपा नेता चंद्रभूषण मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह शानू, अनूप पांडेय, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राजाराम यादव, सयुस के जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव, आदित्य यादव, रामशंकर यादव, राजेश्वरी देवी, घनश्याम यादव आदि ने बृजभूषण तिवारी के योगदान पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि वे चलते फिरते समाजवाद के स्कूल थे। वे कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते थे। पत्रकार जयंत कुमार मिश्र, प्रदीप चंद्र पांडेय ने कहा कि बृजभूषण तिवारी जितने सहज थे, उतना ही उन्हें समय, काल, वेद, पुराण, कुरान आदि का गहन अध्ययन था। उनकी राजनीति का केंद्र जन कल्याण था, जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
संचालन करते हुए जमील अहमद ने बृज भूषण तिवारी से जुड़े अनेक संस्मरणों को ताजा किया। बृजेश मिश्र ने कहा कि नीयति ने असमय उन्हें हमसे छीन लिया। उनका व्यक्तित्व, सोच विराट था और डा. लोहिया के समाजवाद को उन्होंने जीवन में उतारा। कार्यक्रम में डा. अजय पांडेय, सुरेंद्र यादव, अयाज अहमद, धर्मराज यादव, एबादुल हक, दयाशंकर पटवा, जावेद पिंडारी, राकेश चौधरी, आमिर खान, मधुबन यादव, आज्ञाराम यादव, फूलचंद्र श्रीवास्तव, राहुल यादव, चीनी चौधरी, विजय यादव साथ ही समाजवादी पार्टी के अनेक नेता, कार्यकर्ता, विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।