फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधीरात को गूंज उठा हर-हर महादेव

विज्ञापन
भद्रेश्वरनाथ पहुंचे कांवड़िए। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूूरो
बस्ती। भद्रेश्वरनाथ धाम के मुख्य मंदिर का कपाट खुलते ही भोले भक्तों का हुजूम जलाभिषेक को उमड़ पड़ा। अपने आराध्य का अभिषेक करने के लिए अयोध्या के पावन सरयू जल का कांवड़ लेकर नंगे पांव पहुंचे भोलेनाथ के मतवालों में आराध्य के अभिषेक की मानो होड़ लगी हो। बुधवार आधी रात को शुरू हुआ अभिषेक का सिलसिला शुक्रवार शाम तक चलता रहा। डीएम डॉ. राजशेखर और एसपी दिलीप कुमार के अलावा सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, एएसपी पंकज सहित अन्य अधिकारी 24 घंटे निगरानी करते रहे। मेले के प्रवेश द्वार पर इंटेलीजेंस के अधिकारी डीएफएमडी (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) से चेेकिंग की जाती रही। मंदिर के आसपास और गर्भगृह की गतिविधियों की सीसीटीवी और अन्य अत्याधुनिक उपकरणों से निगरानी की जा रही है। 
 भद्रेश्वरनाथ के अलावा तिलकपुर, देवरिया, महादेवा के अलावा कड़र मंदिर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजामात किए गए थे। क्षेत्र के शिवालयों में दिनभर कार्यक्रम होने से वातावरण में अगरबत्ती, कपूर की सुगंध बिखरी रही। बड़ी संख्या में शिव भक्त अयोध्या के पावन सरयू नदी से जल भरकर कंधे पर कांवड़ लेकर भद्रेश्वर नाथ मंदिर पर जलाभिषेक करते हैं। बाबा भद्रेश्वरनाथ, दुबौला क्षेत्र के बाबा भारीनाथ, देवरियामाफी शिवमंदिर, कड़र मंदिर समेत जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे लगने लगे। प्रत्येक मार्ग पर सिर्फ शिवभक्त ही नाचते-गाते नजर आ रहे थे। भगवा से पटे शहर में इस दौरान भारी भीड़ रही। डीएम डॉ. राजशेखर और एसपी दिलीप कुमार पल-पल की गतिविधियों पर नजर जमाए रखे। चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस, पीएसी और होमगार्ड श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में तत्पर दिखे। भद्रेश्वरनाथ से लेकर शहर तक की दोनों पटरियों पर दुकानें और सहायता शिविर लगे हैं। यहां कांवड़ यात्रियों को चाय-नाश्ते से लेकर इलाज और मनोरंजन तक के इंतजाम किए गए थे।  
विज्ञापन


कांवड़ यात्रा में चप्पे-चप्पे का एक्स-रे
प्रत्येक किलोमीटर को सेक्टर बनाकर निगहबानी 
पिछली चूक दोहराने से तौबा, उठाए गए कई एहतियाती कदम 
अमर उजाला ब्यूरो  
बस्ती। पिछले वर्षों में मामूली चूक बड़ी घटना का कारण बनते देख इस बार प्रशासन कोई जोखिम नहीं ले रहा। इसका नतीजा है कि अयोध्या से भद्रेश्वरनाथ तक प्रत्येक किलोमीटर सीसीटीवी कैमरों की निगहबानी में है। प्रशासन का दावा है कि कांवड़ यात्री ही नहीं, रूट पर निकले प्रत्येक व्यक्ति को कहीं न कहीं स्कैन किया जा रहा है। अयोध्या से भद्रेश्वरनाथ के बीच लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के अलावा मंदिर, शहर के प्रमुख चौराहों, अमहट स्थित विश्रामालय, जेल गेट आदि 40 स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाए गए हैं।  सबसे ज्यादा छावनी के चौकड़ी टोल प्लाजा के कैमरों को सक्रिय किया गया है। जहां से गुजरने वाले टोल टैक्स के दायरे से बाहर वाले वाहन जैसे ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक, ऑटो-रिक्शा आदि पर भी कैमरों की नजर है। डीआईजी डॉ. राकेश शंकर व एसपी दिलीप कुमार का कहना है कि फोरलेन के अलावा शहर से लेकर भद्रेश्वरनाथ के बीच 40 अतिरिक्त कैमरों को स्थापित किया गया है। जिनके जरिए मेला समाप्त होने तक 24 घंटे रिकॉर्डिंग की जा रही है। भले ही कोई आपराधिक कारण या छानबीन में इसकी जरूरत न पड़े लेकिन पुलिस प्रशासन रिकार्ड के तौर पर पूरे आयोजन का फुटेज संकलित कर रहा है।  

कप्तानगंज का बवाल, सजगता की वजह 
माना जा रहा है कि कप्तानगंज में दो साल पहले हल्की चूक होने के कारण बवाल हुआ। गोरखपुर के जिला जज की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जज को भी हल्की चोटें आई थीं और कुछ देर के लिए वह असहज हो गए थे। इस घटना में पुलिस प्रशासन की काफी किरकिरी हुई थी। बाद में उसी घटना में घायल हुए हनुमान चौधरी की मृत्यु के बाद वहां की सियासत में भी गरमाहट आ गई थी। लेकिन बड़े नेताओं ने गंभीरता दिखाई थी वरना एक और बवाल की पृष्ठभूमि तैयार हो चुकी थी।  


बढ़ी भीड़ तो कूड़ा-कचरे से पट गया शहर
मोहल्लों में पूरी की गई सफाई की औपचारिकता, शाम की सफाई का शेड्यूल कागजों तक
अमर उजाला ब्यूरो 
बस्ती। भोलेनाथ के भक्तों से शहर में भीड़ बढ़ गई। इस भीड़ के चलते पूरा तंत्र अमहट घाट व उसके इर्द-गिर्द सिमट कर रह गया है, मगर यहां शहर की गलियों और मोहल्लों में कूड़े-कचरे के ढेर लग गए हैं। बृहस्पतिवार को शहर में सफाई की औपचारिकता पालिका प्रशासन ने पूरी कर दी। कई टीमों को सफाई के लिए अमहट के आसपास के क्षेत्र में झोंक दिया गया है।  
शहर में कुल 25 वार्ड हैं। इसके लिए सफाई को दो चरण में कराने की व्यवस्था पालिका ने की है। सुबह और शाम की सफाई को लेकर तंत्र तमाम दावा करते नहीं अघा रहा है, मगर शहर की स्थिति सुबह सफाई के बाद शाम तक फिर खराब हो जाती है। घरों व प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े के ढेर चौराहों से लेकर गलियों तक बिखरे नजर आते हैं। 
शहर के गांधीनगर से बात शुरू करते हैं। यहां मुख्य चौराहे पर ही कूड़ा के ढेर शाम होते ही लग जाते हैं। इससे सड़ांध भी उठती है, क्योंकि सब्जी व अन्य प्रतिष्ठानों से दस बजे के बाद निकलने वाला कूड़ा यहीं एकत्रित होता है। यही हाल साहू मार्केट का भी है। शाम होते-होते यहां भारी मात्रा में दुकानों से निकलने वाला कूड़ा एकत्रित हो जाता है। जो शाम से पूरी रात यहां पड़ा रहता है। महिला अस्पताल के गेट के निकट दुकानों के सामने अस्पताल से निकला गंदा कपड़ा, रुई आदि के ढेर लग जाते हैं। इसमें जानवर मुंह मारते रहते हैं। यही नहीं शहर के गलियों की भी स्थिति बेहद खराब है। रौता चौराहा से आगे बढ़ने पर ब्लॉक रोड पर जगह-जगह कूड़े के ढेर शाम होते-होते नजर आने लगते हैं। इसके अलावा बभनगांवा गली, रामेश्वरपुरी गली, स्टेट बैंक की गली, त्रिपाठी गली, पुरानी बस्ती का पांडेय बाजार बांसी मार्ग, सुर्ती हट्टा सहित एक दर्जन स्थानों पर कूड़ों के ढेर नजर आते हैं। प्रभारी अधिशासी अधिकारी घनश्याम श्रीवास्तव कहते हैं कि कांवड़ियों की भीड़ के चलते बुुधवार को सफाई व्यवस्था में व्यवधान पड़ा था, मगर रूटीन टीम ने सभी गलियों और मुहल्लों में सफाई की थी। वैसे इस मामले में नागरिक भी सहयोग करें तो और बेहतर सफाई हो सकती है। प्रयास है कि शहर को साफ-सुथरा रखा जाए, मगर सहयोग के बगैर यह संभव नहीं हो पा रहा है।

फोटो        
रोककर पुलिस ने कराया जलपान      
कलवारी। अयोध्या जल भरने जाने वाले कावड़िया भक्तों को कलवारी चौराहे पर रोककर पुलिस जलपान कराती रही। उपनिरीक्षक सुधाकर पाण्डेय के नेतृत्व में एचसीपी सिद्धनाथ राय, हेड कांस्टेबल उदय सिंह, आरक्षी धर्मेन्द्र कुमार व विनय कन्नौजिया सहित अन्य सहयोग में रहे। पुलिस की इस पहल से न केवल भक्त खुश है बल्कि आसपास के लोग भी सराहना कर रहे हैं।         
सेवार्थ शिविर लगाया गया 
बस्ती। कुआनो नदी के अमहट घाट के निकट कांवड़ियों के सेवार्थ शिविर लगाया गया। दवाओं के साथ कांवड़ियों में प्रसाद का वितरण किया गया। प्रबंधक सिम्पी सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से आत्मीय संतुष्टि मिलती है। तेज प्रताप सिंह सुड्डू ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा शिवालयों में दर्शन से ज्यादा संतुष्टि प्रदान करती है। इसी उद्देश्य से शिविर लगाया गया है। विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया। 
आस्था का केंद्र हैं हरदेव नाथ 
नगर बाजार। जिले के बहादुरपुर ब्लॉक में स्थापित हरदेव नाथ मंदिर का पौराणिक महत्व है। सावन के सोमवार को यहां लोग जलाभिषेक करते हैं। हर वर्ष शिवरात्रि में मेले का आयोजन किया जाता है। भगवान शिव शंकर का यह प्राचीन हरदेव नाथ मंदिर बहादुरपुर के मनोरमा नदी के तट पर स्थित है। पास ही हरदेव नाथ नाम से गांव भी बसा है। शैव संप्रदाय के लोग निवास करते हैं। लोगों ने भव्य शिवालय बनाया है। 70 वर्षीय श्याम नरायन तिवारी ने बताया कि महाभारत के समय में पांडव अज्ञातवास के समय आए थे। इसमें पांच मंदिर स्थित हैं।  
विज्ञापन

रोटरी ने स्वास्थ्य शिविर लगाया
बस्ती। रोटरी क्लब बस्ती मिड टाउन की ओर से बुधवार को शास्त्री चौक के निकट निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर कांवड़ियों में दवा वितरण के साथ ही मरहम पट्टी की गई। डॉ. आलोक त्रिपाठी, डॉ. गौरव त्रिपाठी ने कांवड़ियों का उपचार किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें