बस्ती। जिले में एक महिला और उसके परिवार को बदनाम करने के उद्देश्य से मार्फ्ड वीडियो वायरल किए जाने के गंभीर मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आरोप है कि पूरे मामले का मास्टरमाइंड खुलेआम घूम रहा है, जबकि घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है और अब तक पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज नहीं किया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वीडियो को योजनाबद्ध तरीके से तैयार कर वायरल किया गया, जिसमें मास्टरमाइंड के साथ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है। इसके बावजूद कार्रवाई की रफ्तार बेहद धीमी है। पुलिस ने भले ही पीड़िता और दो अन्य लोगों के बयान दर्ज कर लिए हों, लेकिन एफआईआर दर्ज न होना कई सवाल खड़े करता है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य महिला आयोग के साथ ही अन्य जांच एजेंसियां भी घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। खास बात यह है कि प्रकरण को लेकर सूबे के एक कैबिनेट मंत्री ने भी पुलिस अधीक्षक बस्ती को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, फिर भी जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस किसी दबाव में काम कर रही है, जिसके चलते आरोपी बेखौफ होकर घूम रहा है। परिवार ने साफ कहा है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो उच्चाधिकारियों और न्यायिक मंच का दरवाजा खटखटाया जाएगा।ध