जीआरएस इंटर कॉलेज में मूल्यांकन का बहिष्कार करते शिक्षक।
बस्ती। शिक्षक संघ के विरोध के बीच यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन शनिवार को शुरू हुआ। समय पर परीक्षक पहुंच गए। इसी बीच माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मूल्यांकन के बहिष्कार का आह्वान कर दिया। कुछ शिक्षक मूल्यांकन केंद्र में नारेबाजी करने लगे। सक्सेरिया इंटर कॉलेज के परीक्षकों ने संघ का साथ देते हुए मूल्यांकन का बहिष्कार कर दिया। पहले दिन 2484 में से 1299 परीक्षक पहुंचे थे।
जिले के मूल्यांकन केंद्र पर पहले दिन राजकीय इंटर कॉलेज 450 परीक्षक के सापेक्ष 300 उपस्थित रहे। पहले दिन एक हजार कापियां जांची गईं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 424 परीक्षकों के बजाय 199 शिक्षक ही पहुंचे। सक्सेरिया इंटर कॉलेज में 672 परीक्षक के बजाय 300 उपस्थित रहे। यहां परीक्षकों ने मूल्यांकन का बहिष्कार किया।
शिवहर्ष किसान इंटर कॉलेज में 751 परीक्षकों की जगह 500 शिक्षकों ने एक हजार कापियों का मूल्यांकन किया। जेडी योगेंद्र नाथ सिंह और डीआईओएस डीएस यादव ने चारों मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया।
माध्यमिक शिक्षक संघ की मांगें
माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से पुरानी पेंशन को बहाली, वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय देने तथा तदर्थ शिक्षकों नियमित करने, सरकारी कर्मचारियों के भांति शिक्षकों को भी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा मूल्यांकन का पारिश्रमिक सीबीएससी के बराबर करने की मांग रखी है।