बस्ती। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने की। इस दौरान उद्यमियों ने अपनी समस्याएं गिनाई और सुझाव पेश किए। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर उद्यमियों की समस्या का निस्तारण कराया जाए।
डीएम ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उद्योगों की स्थापना एवं संचालन में आने वाली बाधाओं को हर हाल दूर करना होगा। सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर ऐसे मामलों का निपटारा कराए। जिससे जिले में निवेश को प्रोत्साहन मिल सकें तथा रोजगार के अवसर बढें। उन्होंने विद्युत, सड़क एवं जलनिकासी व्यवस्था, बैंक ऋण, सुरक्षा व्यवस्था आदि विषयों पर उद्यमियों के साथ विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार, एक जनपद- एक उत्पाद, वित्त पोषण सहायता योजना की भी डीएम ने समीक्षा की। कहा कि लघु उद्योग इकाइयों के ऋण से संबंधित फाइलों को लंबित न रखा जाए। बैंक अधिकारी उद्यमियों को ऋण दिलाने में पूरी मदद करें। निवेश मित्र पर विभागवार लंबित मामलों निस्तारण निर्धारित समयसीमा में कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती गई तो संबंधित को बख्शा नहीं जाएगा।
संचालन उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर उपेंद्र यादव एवं उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप ने किया। सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, एलडीएम आरएन मौर्या, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, चेंबर्स ऑफ कामर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, महासचिव एससी शुक्ल, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।