पुलिस की गिरफ्त में इंजीनियर के हत्यारोपी।
- फोटो : BASTI
इंजीनियर की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार
बस्ती। नोएडा में प्राइवेट सॉफ्टवेयर इंजीनियर रहे अजीत मिश्र हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अनूप मिश्र को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। सह आरोपी अंकुर निवासी भदासी थाना हर्रैया भी हत्या के समय प्रयोग में लाई गई स्कूटी के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार मास्टर माइंड अनूप मिश्रा मूल निवासी डूहवा मिश्र थाना छावनी का है। उसने श्रीरामपुरम कॉलोनी देवकाली बाइपास थाना नगर कोतवाली जनपद अयोध्या में ठिकाना बना रखा है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी हो गई थी कि इंजीनियर के पिता अखिलेश मिश्र ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी में कथित तौर पर जाली प्रमाणपत्र का इस्तेमाल किया है।
आरोपियों ने पुलिस को बयान दिया कि शिवा उर्फ बाहुबली पाठक व उसके गिरोह के लोगों को उकसाया कि वे अखिलेश मिश्र की इसी कमजोरी का फायदा उठाकर मुंहमांगी रकम वसूल सकते हैं। इसी कोशिश में शिवा अपने साथ सनी रावत व बड़हर खुर्द के रहने वाले योगेशधर दूबे उर्फ चिंगारी तथा ग्राम तरना के उत्कर्ष सिंह उर्फ मंटू उर्फ माइकल व अंकुर पांडेय आदि के साथ अखिलेश मिश्र के घर जा पहुंचे। वहां दोनों पक्ष में झगड़ा होने लगा। इसी बीच अखिलेश मिश्र व उनके बेटे इंजीनियर अजीत मिश्र शिवा को पकड़कर पीटने लगे। तभी शिवा ने तमंचे से अजीत की कनपटी पर फायर कर दिया था।
इन्हें मिली कामयाबी
प्रभारी निरीक्षक छावनी सौदागर राय के अलावा स्वॉट टीम प्रभारी राजकुमार पांडेय, एसआई अंशुमान सिंह, मुकुंद त्रिपाठी थाना छावनी, स्वॉट टीम के महेंद्र यादव, मनोज राय, मनिंद्र प्रताप चंद्र, रमेश गुप्ता, अभिषेक तिवारी, रविशंकर शाह, देवेंद्र निषाद के अलावा गौरव कुमार शाह, विनोद कुमार गुप्ता, नाजिया खातून थाना छावनी ने गिरफ्तारी में भूमिका निभाई।