बभनान, बस्ती। बभनान रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर-दो के बगल पूर्वी गेट संख्या-222 ए के सामने रेलवे की जमीन कब्जा करके वर्षों से लगने वाली मीट व मछली मंडी पर रेल प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया। यही नहीं यहां दोबारा दुकानदार दुकान न लगाने पाएं इसके लिए मंडी में जाने वाले रास्ते को बुलडोजर से खोदकर बंधा लगा दिया।
रेलवे पीडब्ल्यूआई हीरावन प्रसाद व आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुनील कसाना के नेतृत्व में आरपीएफ के जवान मीट-मछली मंडी में पहुंच गए। बुलडोजर देख व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। वे धीरे-धीरे अपना सामान लेकर भाग निकले। आरपीएफ की देखरेख में बुलडोजर चलने लगा। थोड़ी ही देर में रेलवे की भूमि पर बांस बल्ली लगाकर व प्लास्टिक तानकर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया गया। अतिक्रमण हटाने के समय दुकान लगाने वाले कई दुकानदार मौजूद नहीं थे। दोपहर बाद जब वे दुकान लगाने पहुंचे तो वहां की स्थिति देख सन्न रह गए।
विज्ञापन
इसके पहले भी रेल प्रशासन ने एक बार पांच वर्ष पहले अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद पुनः रेलवे की उसी भूमि पर मीट-मछली की मंडी सजने लगी थी।
रेलवे के आईओडब्ल्यू हीरावन प्रसाद ने कहा कि अभियान के तहत अतिक्रमण को हटाया गया है। यदि अतिक्रमणकारियों ने पुन: अतिक्रमण कर दुकान लगाई तो दोबारा बुलडोजर लगाकर हटवा दिया जाएगा।