बस्ती। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में विद्यार्थियों को प्रवेश के समय अपग्रेडेशन का विकल्प दिया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थी प्रवेश के समय फ्रीज ( स्थिर) अथवा फ्लोट (विस्थापित) विकल्प का चुनाव कर सकते हैं। उक्त विकल्प प्रवेश के बाद उन्हें पसंद का ट्रेड चुनने में मदद करेंगे।
उल्लेखनीय है कि आईटीआई में 28 जुलाई से प्रथम चरण की मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का प्रवेश चल रहा है। प्रवेश के समय विद्यार्थियों को मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र व छायाप्रति, पासपोर्ट साइज के दो फोटो व आईटीआई की वेबसाइट से कॉल लेटर डाउनलोड कर प्रवेश के लिए काउंसिलिंग में हिस्सा ले सकते हैं। मंगलवार को दोपहर दो बजे तक करीब 150 विद्यार्थी काउंसिलिंग में शामिल हुए थे।
नोडल प्रधानाचार्य सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रवेश के समय ही विद्यार्थियों को अपग्रेडेशन की सुविधा दी जा रही है। इसका लाभ वह प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद ले सकते हैं। काउंसिलिंग और मेरिट के आधार पर यदि किसी विद्यार्थी को इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड मिला है, जबकि वह टर्नर की पढ़ाई करना चाहता है, तो अपग्रेडेशन प्रक्रिया उसे एक मौक देती है। प्रवेश के बाद यदि टर्नर की सीटें रिक्त बचती हैं तो संबंधित विद्यार्थी को उसकी पसंदीदा सीट पर प्रवेश दे दिया जाता है।