छावनी। कस्बे की मुख्य व्यावसायिक गली में अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस ने दुकानदारों से सड़क खाली करा दी। शुक्रवार को दुकानदारों ने ठेले, स्टैंड और मेज हटाकर रास्ते से अतिक्रमण हटा लिया।
कस्बे की इस व्यावसायिक गली में कई दुकानदार सड़क पर ठेले, स्टैंड और मेज लगाकर दुकानें संचालित कर रहे थे। इससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी बीच गली में ठेला लगाने वाली एक महिला और कपड़े के दुकानदार के बीच कहासुनी हो गई। महिला का ठेला धकेले जाने की शिकायत पुलिस से की गई थी। इसके बाद यह मामला कई दिनों तक सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रास्ते पर अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों को हटाने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को दुकानदारों ने अतिक्रमण हटा लिया। थाना प्रभारी राणा डीपी सिंह ने बताया कि महिला ने ठेला धकेले जाने की शिकायत की थी। मामले को देखते हुए रास्ते पर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था।