दक्षिण दरवाजा के पास अतिक्रमण हटवाती नपा टीम संवाद
बस्ती। शहर में नगर पालिका प्रशासन ने दूसरे दिन मंगलवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क पटरियों को कब्जा से मुक्त कराया। पुलिस के साथ नपा टीम ने अभियान शुरू किया तो हड़कंप मच गया। जेसीबी से सड़क पटरी-फुटपाथ के कब्जे हटाए गए। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई।
ईओ अंगद गुप्ता के नेतृत्व में नपा टीम दक्षिण दरवाजा पहुंची। यहां से अभियान शुरू किया गया। सड़क किनारे दोनों पटरियों पर रखी दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा तफरी का माहौल रहा। ईओ ने सड़क किनारे अपनी दुकान का सामान रखने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी। कहा कि दुकानदार अपना सामान बाहर पटरी पर न रखें। दोबारा कोई अतिक्रमण करता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ईओ के अनुसार रोस्टर से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान आगे भी चलाया जाएगा। बताया कि तमाम दुकानदार अपने समान को सड़क पटरी तक फैलाए हुए थे। इससे लोगों को परेशानी हो रही थी।