गौर। मनरेगा योजना अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर कार्य कर रहे रोजगार सेवकों को पिछले आठ माह से मानदेय न मिलने से आक्रोश व्यक्त करते हुए सहित चार सूत्रीय मांग पत्र को लेकर बुधवार को रोजगार सेवक संघ के गौर ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में बीडीओ को ज्ञापन देकर मानदेय दिलाए जाने की मांग की है।
रोजगार सेवकों ने बीडीओ केके सिंह को दिए ज्ञापन में बताया कि मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर हम लोग निरंतर कार्य कर रहे हैं, इसके अलावा शासन के निर्देश पर बीएलओ, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, क्राफ्ट सर्वे, आवास का जिओ टैग आदि कार्यों को भी पूरी ईमानदारी से किया जा रहा है, बावजूद उसके पिछले आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया। जिससे इस महंगाई में परिवार का भरण पोषण नहीं हो पा रहा है।
साथ ही पीएफ की धनराशि भी यूएएन खाते में जमा नहीं की जा रही है, लोगों ने मांग करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए मानदेय में वृद्धि की जाए। साथ ही चार अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री की ओर से रोजगार सेवकों के पक्ष में की गई घोषणाओं को लागू किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से शहंशाह आलम, अमित श्रीवास्तव, आशुतोष गुप्ता, इमरान,रागिनी सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुधा श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार यादव, निशा देवी, शिव मूरत आदि मौजूद रहे।