राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने किया मांगों का समर्थन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के प्रांतीय आह्वान पर 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष श्याम करन यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में रोजगार सेवक शिव हर्ष किसान पीजी कालेज के परिसर में एकत्र हुए। मांगों के समर्थन में नारे लगाते हुए कंपनीबाग, तहसील होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां अतिरिक्त अधिकारी प्रथम, उप जिलाधिकारी रश्मि यादव के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। वादा निभाओ कार्यक्रम के दौरान रोजगार सेवकों ने मानदेय 10 हजार रुपये करने, एचआर पालिसी बनाए जाने, ईपीएफ का लाभ देने और नियमित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के बाद राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रामअधार पाल और जिला मंत्री तौलू प्रसाद ने कहा कि ग्राम रोजगार सेवक अल्प मानदेय के कर्मचारी हैं। विकास कार्यों में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। इसे देखते हुए इनकी जायज मांगों को पूरा किया जाना चाहिए। परिषद का रोजगार सेवकों को पूरा समर्थन है।
उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष श्याम करन यादव, प्रांतीय उपाध्यक्ष अमित किशोर यादव, मंडल अध्यक्ष इंद्रजीत वर्मा, रमेश चंद्र चौधरी आदि ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2021 के मनरेगा कर्मियों के सम्मेलन में घोषणा की थी कि रोजगार सेवकों का मानदेय 10 हजार रुपये किया जाएगा। एचआर पालिसी बनाकर ईपीएफ का लाभ भी दिलाया जाएगा। किंतु वे अपने वादे को भूल गए। इसे लेकर रोजगार सेवकों में आक्रोश है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार अपना वादा निभाए। संचालन करते हुए ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, जिला मंत्री राजेश कुमार यादव, प्रवक्ता प्रवीन कुमार ने कहा कि यदि मांगे पूरी न हुई तो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर लखनऊ में विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में कंप्यूटर आपरेटर संघ अध्यक्ष अरविंद कुमार, वृजेश दुबे, फरहत जहां, शहनशाह आलम, कमाल अहमद, इरसाद अहमद, नफीस, सुरेश चंद्र चौधरी, ऋतुराज चौधरी, सत्यप्रकाश के साथ ही संघ के ब्लाक अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे।