पोखरे का कार्य स्वीकृति के लिए जेई के लिए मांगे थे रुपये
बनकटी ब्लाॅक मुख्यालय के पास चाय की दुकान पर पकड़ा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बस्ती इकाई की टीम ने बनकटी ब्लाॅक के आम कोइल गांव के ग्राम रोजगार सेवक अब्दुल रहीम को ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि से 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया। ब्लाॅक मुख्यालय पर स्थित चाय की दुकान पर प्रधान के प्रतिनिधि रत्नलाल यादव को रोजगार सेवक ने बुलाया। वहां पहुंचने पर जैसे ही उसने 500 रुपये की गड्डी उसे थमाया, तभी मौजूद टीम ने दबोचा लिया। कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया है।
शिकायतकर्ता रत्नलाल यादव के मुताबिक, आम कोइल गांव में 3.99 रुपये की लागत से पोखरे के कार्य की स्वीकृति के लिए रोजगार सेवक अब्दुल रहीम व जेई अरविंद कुमार पाठक ने 70 हजार रुपये की मांग की थी। रोजगार सेवक अब्दुल रहीम उर्फ जुम्मन निवासी ग्राम सूरा पार नेवारी थाना लालगंज के जरिए 50 हजार रुपये में बात तय हुई थी। जिसे रोजगार सेवक को देने के लिए बनकटी ब्लाॅक मुख्यालय पर एक चाय की दुकान पर रतनलाल यादव पहुंचे। रुपयों की गड्डी हाथ में देते ही आसपास मौजूद एंटी करप्शन टीम के ट्रैप प्रभारी विनोद कुमार यादव, यूनिट प्रभारी उदय प्रताप यादव, मुकेश कुमार दुबे, भीमशंकर मिश्र व टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सादे कपड़ों में उसे गाड़ी में बैठाकर ले जाते देख आसपास के लोगों ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन, टीम ने परिचय पत्र दिखाया तो वे पीछे हट गए। पकड़े गए रोजगार सेवक ने रुपये शादी के लिए उधार लेने की बात बताने लगा।
...
26 फरवरी को हुई थी शिकायत
- ग्राम पंचायत आम कोइल में दो वर्षों से विकास कार्य बाधित है। प्रधान के प्रतिनिधि व ग्राम रोजगार सेवक के बीच खींचतान की वजह से गांव में विभिन्न योजनाएं संचालित नहीं हो पा रही थीं। इस बार प्रधान के प्रतिनिधि रतन लाल यादव से रुपयों की मांग की गई तो 26 फरवरी को उसने भ्रष्टाचार निवारण संगठन में शिकायत की। इसके बाद योजनाबद्ध ढंग से टीम ने जाल बिछाया और रोजगार सेवक उसमें फंस गया।