बस्ती। मंडल के तीनों जिलों में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने बताया कि ट्रैकिंग (नजर) और टेस्टिंग (जांच) पर जोर दिया जा रहा है। सभी से अपील की जा रही है कि मास्क का प्रयोग करने की आदत डाल लें।
मंडलायुक्त ने बताया कि कोरोना से कैसे बचना है यह आमजन को पता है। बस, जरूरत है इसे सही ढंग से लागू करने की। ताकि मंडल में स्थिति बिगड़ने न पाए। बताया कि आमजन को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें, बिना मास्क घर से न निकलें। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर जांच तेज करने का निर्देश तीनों जिलों को जारी किया गया है। मौसम का बदलाव तेजी से लोगों को बीमारी की चपेट में ले रहा है। ऐसे में जरूरी है कि खानपान पर अधिक ध्यान दिया जाए। उल्लेखनीय है कि बस्ती में 31 मार्च को एक, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर में चार अप्रैल को एक-एक एक मरीज पाया गया है।
मौसम और मच्छरों से करें बचाव
बस्ती। सीएमओ डॉ. आरपी मिश्र ने कोविड से बचाव के लिए जांच की कवायद तेज कर दी गई है। हर सीएचसी पीएचसी पर जांच टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। बताया कि मौसम का बदलाव लोगों को बीमार बना रहा है। उचित खानपान, मच्छरों से बचाव का प्रबंध जरूर कर लें। बिना मास्क बाजार या सार्वजनिक जगहों पर जाने से परहेज करें।