विक्रमजोत के बस्थनवां बाजार में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण।
विक्रमजोत। क्षेत्र के ग्राम पंचायत बस्थनवां में मंगलवार को डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समूहों की सखियों को डिजिटल सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि डिजिटलीकरण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बना सकता है। एडीओ आईएसबी नरेश शुक्ल ने बताया कि योजना के तहत जागरूक महिलाओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना और डिजिटल सेवाओं जैसे बैंक के माध्यम से लेन-देन सहित अन्य सुविधाओं से आच्छादित करना है। बताया कि योजना के तहत बैंकिंग सखियों को उनके कमीशन के साथ हर महीने चार हजार रुपये मिलेंगे। जिससे महिलाओं में रोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। महिलाओं को योजना के तहत डिजिटल डिवाइस खरीदने के लिए सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जा रही है। मौके पर विनोद वर्मा, महेश चौहान, राजकुमार गौतम, इंद्रावती, कविता, उर्मिला आदि मौजूद रहीं।