बस्ती। पावर कारपोरेशन ने बिजली विभाग में कार्यरत और सेवानिवृत्त हो चुके कर्मियों को अपने परिसर पर एलएमवी 10 (लो मीडियम वोल्टेज 10) का कनेक्शन लेना अनिवार्य कर दिया है। अब सभी विभागीय कर्मियों को सामान्य उपभोक्ताओं के तरह बिजली बिल का भुगतान करना पड़ेगा। इससे पहले सभी कर्मियों को उनके पद के अनुसार फिक्सड रेट में बिजली मिलती थी।
बिजली विभाग में कार्यरत और सेवानिवृत हो चुके कर्मियों को बिजली बिल के रूप में निर्धारित धनराशि का भुगतान करना पड़ता था। लेकिन, यह व्यवस्था पावर कारपोरेशन के निर्देश के बाद बदलने जा रही है। अभी तक मीटर की अनिवार्यता न होने के कारण सभी फिक्स बिल जमा करते थे। पावर कारपोरेशन ने स्पष्ट किया है कि सभी अफसरों, अभियंताओं और कर्मियों को अपने आवास व घर पर मीटर लगवाकर रीडिंग के अनुसार बिल का भुगतान करना होगा। ऐसा न करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उसके बाद करीब 450 विभागीय कर्मियों ने अपने आवास व घर पर एलएमवी 10 का कनेक्शन लेकर मीटर भी लगवा लिया। करीब 150 कर्मियों के आवासों पर नियमानुसार कनेक्शन नहीं लगा है।
- एलएमवी-10 का कनेक्शन विभागीय कर्मियों के परिसरों पर लगाया जाना है। सभी के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। शेष 150 परिसरों पर कनेक्शन की प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी।
मनोज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, नगरीय।