25 अप्रैल को आग लगने से जल गया था ट्रांसफाॅर्मर और केबल
संवाद न्यूज एजेंसी
बनकटी। क्षेत्र के रौतापार गांव में आग की घटना के 23 दिन बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई। 25 अप्रैल को गांव में आग लगने से ट्रांसफाॅर्मर व एलटी केबल जल गई थी। इसके बाद इसे ठीक करने में विद्युत निगम को 23 दिनों का समय लग गया।
उल्लेखनीय है कि रौतापार में 25 अप्रैल को लगी आग के कारण एक युवक व तीन मवेशियों की मौत हो गई थी। घटना में ट्रांसफार्मर व एलटी केबलें भी जल गई थीं। तब ग्रामीणों ने इसकी सूचना निगम को ऑनलाइन व उपकेंद्र पर भी दिया था। इसकी खबर अमर उजाला ने 13 मई को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसे संज्ञान लेकर 18 मई को आपूर्ति सामान्य कर दी गई। विद्युत निगम ग्रामीण इलाकों में 48 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने का दावा करता है लेकिन निचले स्तर पर अभियंताओं की खामियों को लेकर चुप्पी साधे रहता है। स्थिति यह है कि ग्रामीण इलाकों में मामूली फाल्ट दुरुस्त करने में दो-तीन दिन लग जाता है। उपखंड अधिकारी ने बताया स्टोर में एलटी केबल न होने के कारण आपूर्ति सामान्य करने में इतने दिन लग गए।