लालगंज। क्षेत्र में बुधवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे आई तेज आंधी के बाद विद्युत उपकेंद्र शंकरपुर और देईसांड उपकेंद्र से जुड़े ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाने के कारण 12 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। जिससे लगभग 50 गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं।
विद्युत उपकेंद्र शंकरपुर और देईसाड़ द्वारा लालगंज क्षेत्र के बारीघाट, अमाइपार, गौरा धुन्धा, तेनुवा बरतानिया, महादेवा बाजार, जिभियांव, छरदही, कुदरहा, मरवटीया, बगही, भिटौरा, रघवूपुर, शिवपुर, रसूलपुर, छेड़ीहा, हथियावंकला, रैनीया, पृथ्वीपुर, भक्तूपुर, कोप, मंझरिया, ठोकवा, बन्नी, सिसई पंडित, कबरा, सिद्धनाथ, हरैया, कटया,चौबाह और लालगंज बाजार सहित क्षेत्र के लगभग पचास गावों में विद्युत आपूर्ति करवाई जाती है।
बुधवार को तेज पानी आंधी आ जाने के कारण जगह-जगह बिजली के खंभे और तार टूटकर गिरने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली न रहने से हालात और खराब हो रही है। बिजली निगम के एसडीओ शिवानंद सिंह ने बताया कि निगम के सभी कर्मचारियों को लगाया है। तेजी से काम चल रहा है, जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। संवाद