बृहस्पतिवार की रात से शुक्रवार दोपहर तक फाल्ट से परेशान हुए शहरवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट रही है। बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे से शुक्रवार दिनभर आधे शहर के नागरिक बिजली कटौती को लेकर परेशान रहे। जगह-जगह लोकल फाल्ट व तार टूटने से के कारण आधी रात से यह समस्या शुरू हुई जो दिनभर चलती रही।
गांधीनगर उपकेंद्र से आधे शहर को बिजली आपूर्ति दी जाती है। आए दिन किसी न किसी कारण से उपकेंद्र से आपूर्ति बाधित हो जाती है। बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे से शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस फीडर से बृहस्पतिवार आधी रात से आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह 6 बजे जाकर आपूर्ति सामान्य हो पाई। बताया जा रहा है कि 11 केवी लाइन का डिस्क पंक्चर हो गया था। इससे आपूर्ति बाधित रही। दूसरी ओर कटरा में 11 केवी लाइन में खराबी आ गई। यही हाल एसबीआई फीडर का भी रहा। अधिशासी अभियंता नगरीय मनोज कुमार सिंह ने बताया कि फाल्ट की अधिकता के कारण आपूर्ति में कुछ दिक्कतें आई हैं। इसे ठीक कर लिया गया है। अब स्थिति सामान्य है।