जिले में 31 से खुलेंगे बिजली विभाग के थाने
बस्ती। बिजली विभाग में सुधार के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। इसके तहत 31 अगस्त तक बस्ती समेत सूबे के जिलों में बिजली थाने यानी एंटी थेफ्ट पुलिस स्टेशन खुल जाएंगे। स्टाफों की तैनाती शुरू कर दी गई है। भवन आदि के बारे में जल्द फैसला ले लिया जाएगा। पहली सितंबर से बिजली संबंधी मामले इन्हीं थानों में दर्ज किए जाएंगे। सिविल पुलिस के इंस्पेक्टर, हेड मोहर्रिर, दीवान और आरक्षी वर्ग केे पुलिस कर्मियों को बिजली विभाग से संबद्घ कर दिया गया है। इन थानों में तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों के लिए वेतन और दूसरे खर्चों का भार पावर कारपोरेशन उठाएगा।
---------
एक थाने में 28 कर्मचारियों की होगी तैनाती
- थाने में 28 कर्मचारी तैनात होंगे। इनमें से इंस्पेक्टर, दो चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी, पांच एसआई, नौ कांस्टेबल और 11 हेड कांस्टेबल शामिल होंगे। इन कर्मचारियों के पास पुलिस की सारी शक्तियां होगी।
------------
छापेमारी की समस्या होगी हल
- दरअसल, बिजली विभाग के सामने छापामारी के दौरान पुलिस फोर्स के इंतजाम की समस्या होती थी। साथ ही बिजली के मामले में केस दर्ज करने में भी पुलिस हीलाहवाली करती थी। लेकिन अब बिजली चोरी से जुड़ी शिकायतें इन थानों में तत्काल दर्ज होंगी।
---------
स्टाफ का हो चुका तबादला
- एसपी पंकज कुमार के अनुसार बिजली थाने के लिए मुख्यालय से स्टाफ आवंटन होगा। जिसके लिए नाम मांगा गया था। उसी मुताबिक मुख्यालय को तबादला भी कर दिया गया है। थानावार आवंटन जल्द होने की उम्मीद है।