फीडर के ब्रेकर की एक स्प्रिंग टूटने से बाधित रही 450 गांवों की आपूर्ति
अधिकारियों के समझाने के बाद शांत हुए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। बिजली उपभोक्ताओं की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार रात को हर्रैया ग्रामीण उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रातभर बिजली न मिलने से गुस्सरएं उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।
हर्रैया ग्रामीण उपकेंद्र से महराजगंज, केशवपुर, अमारी व बेलभरिया फीडर के जरिये करीब 450 गावों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बुधवार को बेलभरिया फीडर से दिन में महज 4 घंटे आपूर्ति मिल पाई। रात में करीब 9:30 बजे फीडर से आपूर्ति बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 6:15 बजे लाइन ब्रेक डाउन हो गई। इसके बाद पांच घंटे आपूर्ति बाधित रही। दोपहर 12:15 बजे आपूर्ति सामान्य हुई तो घंटेभर बाद अटवा गांव में तार टूटकर गिर गया। इसके बाद 1:25 बजे आपूर्ति सामान्य हुई तो 1:40 बजे वंशीनगर में तार टूटकर गिर गया। दिन में 3 बजे फिर आपूर्ति सामान्य करने की कोशित हुई, लेकिन उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पाई।
शाम 7:20 बजे फीडर ट्रिप कर गया। कई बार प्रयास हुआ, लेकिन लाइन होल्ड नहीं हुई। फीडर की ट्रॉली निकालने पर ब्रेकर की स्प्रिंग टूटी मिली। इसके बाद रातभर उपभोक्ताओं को बिना बिजली के ही बितानी पड़ी। सुबह उपकेंद्र पर पहुंचे उपभोक्ताओं ने जब विरोध प्रदर्शन करना शुरू किया तब अधिकारी पहुंचे। नायब तहसीलदार व अधिशासी अभियंता के समझाने पर उपभोक्ता माने। इस मौके पर उपभोक्ता मनोज पांडेय, सुनील सिंह, रिशु सिंह, राहुल श्रीवास्तव, जितेंद्र पाठक, सीबी सिंह, बबलू सिंह आदि मौजूद रहे।
..
कोट
फीडर के ब्रेकर की एक स्प्रिंग टूट गई थी। इससे रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसे ठीक कर लिया गया है। अब स्थिति सामान्य हो गई है। खपत बढ़ने के बाद से लोकल फाल्ट की समस्या बढ़ गई है, जिसे समय से निस्तारित कराया जा रहा है।
-अजय मौर्य, अधिशासी अभियंता, हर्रैया