गैर जनपद के कांवड़िया ग्रुप में एक लाख इनाम रखने की चर्चा
मुकाबला देखने के लिए जुटी आसपास गांवों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज (बस्ती)। भोलेनाथ की आस्था से सराबोर कांवड़िये बृहस्पतिवार को पूरे रंग में दिखे। कांवड़ का जल लेकर भद्रेश्वरनाथ की तरफ बढ़ रहे कांवड़िये कभी जयकारे लगाते दिख रहे तो कभी नाचने-गाने लगते थे। बस्ती समेत आसपास कई जनपदों के कांवड़िया पूरे साज-ओ-सामान से लैस दिख रहे थे। सबसे ज्यादा डीजे और झांकी सजाने पर जोर दिखा। महराजगंज, पिकौरा सानी,कप्तानगंज चौराहा, खजुहा, गड़हा गौतम, दुधौरा में डीजे बजाने का जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। जानकार बताते हैं कि तीन सौ डेसिबल तक की आवाज में डीजे बजाए जा रहे थे। हालांकि, सिर्फ 60 डेसिबल आवाज में बजाने की अनुमति थी।
भोले के भक्तों ने किसी निर्देश की परवाह न करते हुए जमकर मस्ती कर। कुछ कांवड़िया ग्रुप के लोगों ने बताया कि आंबेडकरनगर के कांवड़िया ग्रुप ने एक लाख रुपये तक इनाम रखकर मुकाबला किया। हालांकि, इस मुकाबले में किसकी जीत और किसकी हार हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका। आसपास गांवों की इतनी भीड़ जुट गई कि खजूहा और कप्तानगंज मेन चौराहे पर जाम लग गया। इससे पैदल जा रहे कावड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
...
मुखौटे वाले कावड़िये रहे आकर्षण का केंद्र
कावड़ यात्रा में अलग अलग तरह के मुखौटे लगाकर कांवड़िये चल रहे हैं, जाे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। कई डरावने मुखौटे देखकर छोटे बच्चे डर जा रहे थे। पटखौली राजा के सोनू और कुसौरा बाजार के अनिल कुमार कावड़ियों के बीच मुखौटे के साथ नाचते गाते दिखे। अयोध्या के रहने वाले सुरेन्द्र कुमार का शंकर जी का वेष काफी मनमोहक रहा।
..
झाड़ियों में कावड़ियों को करना पड़ा आराम
एनएचएआई की ओर से पटरियों और झाड़ियों को न साफ करना कावड़ियों को भारी पड़ गया। अयोध्या से जल लेकर आ रहे थके कावड़ियों को झाड़ियों के बीच में आराम करना पड़ा। हड़िया के रहने वाले मोहित, अमन और राम नयन ने बताया कि हर साल पटरी साफ रहती थी। लेकिन इस बार न पटरी साफ हुई और न झाड़ियां जिससे हम लोगों को जान जोखिम में डालकर आराम करना पड़ रहा है।