नगर बाजार। क्षेत्र के बारीजोत गांव में बिजली संकट अब जनआक्रोश में बदल गया है। लगातार छह दिनों से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति से त्रस्त ग्रामीणों ने शनिवार को नगर बिजली उपकेंद्र पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल बिजली बहाली की मांग की।
करीब 500 की आबादी वाला बारीजोत गांव तेज आंधी के बाद से अंधेरे में डूबा है। दिन में झुलसाती गर्मी और रात में उमस भरी बेचैनी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। बिजली न होने से घरों में पानी का संकट गहरा गया है। मोटर बंद, टंकियां सूखी और हैंडपंपों पर लंबी कतारें आम हो गई हैं। ग्रामीण अश्वनी रावत, सुशील रावत, परमात्मा प्रसाद, संजय रावत, रंजीत, सभासद संदीप, राजेश कुमार, बृजलाल, रामचंद्र, सुदर्शन, राम सुमेर, दुर्गेश रावत, विशाल रावत आदि ने कहा कि अगर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता राजित राम ने बताया कि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।