- 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन से पांच फीडर की आपूर्ति ठप रही, अवर अभियंता को हटाया
- शनिवार शाम 7 बजे से रविवार रात दो बजे तक शहरवासी परेशान रहे
- गांधीनगर उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति व्यवस्था में नहीं हो रहा सुधार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के गांधीनगर उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधर नहीं रही है। रविवार शाम 7 बजे रात 2 बजे तक करीब 13 बार कटौती की गई। बताया जा रहा है कि लोकल फाल्ट और 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन के कारण यह समस्या आई है। आपूर्ति ठप हाेने से करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित रही। मुख्य अभ्यिंता ने गांधीनगर उपकेंद्र के अवर अभियंता को हटा दिया है। गांधीनगर उपकेंद्र से शहर के पॉश इलाकों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। लोग उमस भरी गर्मी में दिन में परेशान तो रहे ही रात में भी रतजगा कर बितानी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम 7 बजे से अघोषित कटौती शुरु हो गई। रात 9 बजे आधे शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब आधे घंटे बाद बिजली आई लेकिन अधिक देर तक नहीं टिकी। इसके बाद आधी रात तक कटौती जा रही।
वहीं रात करीब 1:20 बजे गांधीनगर उपकेंद्र की 33 केवी लाइन भुवर के पास ब्रेकडाउन हो गई। बताया जा रहा है कि जंपर कट गया था। इसके चलते 33 केवी लाइन में फाल्ट होने के कारण सिविल लाइंस, भुवर, कचहरी और गांधीनगर क्षेत्र अंधेरे में डूबा गया। उमस के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। रात करीब दो बजे जाकर पांचों फीडर सिविल लाइन, आवास विकास, कचहरी, आंशिक गांधी नगर व कोर्ट एरिया की बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
रात में लोकल फाल्ट अधिक थे। बाद में 33 केवी लाइन भी फाल्ट हो गई, जिससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब स्थिति सामान्य है।
- मनोज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, नगरीय
सत्य प्रकाश संभालेंगे गांधीनगर उपकेंद्र का प्रभार
बस्ती। शहर के गांधीनगर उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रिंस को हटा दिया गया है। उनकी जगह मुख्य अभियंता कार्यालय में तैनात सत्य प्रकाश सिंह को गांधीनगर का प्रभार दिया गया है। उल्लेखनीय है कि बारिश का सीजन शुरु होते ही गांधीनगर उपकेंद्र से अघोषित कटौती बढ़ गई। जिससे उपभोक्ताओं को हलकान होना पड़ रहा है।
उपकेंद्र के अवर अभियंता प्रिंस अघोषित कटौती रोक पाने में असफल रहे। आफत के समय सीयूजी नंबर बंद करने की शिकायतें उपभोक्ता लंबे समय से मुख्य अभियंता से कर रहे थे। जिसे देखते हुए मुख्य अभियंता एसके सरोज ने उन्हें गांधीनगर उपकेंद्र से हटाकर सत्य प्रकाश को प्रभार सौंपा है। बताया जा रहा है कि प्रिंस को खलीलाबाद भेजा गया है। मुख्य अभियंता ने बताया कि निगम के कार्य हित में सत्यप्रकाश को गांधीनगर का अवर अभियंता नियुक्त किया गया है।