विद्युत कर्मी सिदार्थ ओझा की फाइल फोटो
कप्तानगंज। नगर पंचायत में तैनात विद्युतकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विद्युतकर्मी की बीते वर्ष नवंबर माह में शादी हुई थी।
नगर थाना क्षेत्र के बढ़नी मिश्र गांव के रहने वाले सिद्धार्थ ओझा (26) कप्तानगंज नगर पंचायत में विद्युतकर्मी के पद पर तैनात थे। बुधवार की शाम को ड्यूटी करके अपने घर पहुंचे। पानी पीने के बाद उनको अचानक उल्टी होने लगी। कुछ ही देर में हालत बिगड़ने लगी परिजन आनन-फानन में सिद्धार्थ को लेकर सीएचसी पर पहुंचे। वहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले आए और शव का अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।
बृहस्पतिवार की सुबह परिजन सिद्धार्थ के शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए दुबौलिया के चांदपुर घाट पर ले गए। तभी मृतक की पत्नी ने नगर पुलिस को सूचना देते हुए हत्या की आशंका जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई पता चल पाएगा।