मूड़घाट के पास मोटरसाइकिल से जा रहे युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत होने पर लगी भीड़।
नगर बाजार (बस्ती)। फोरलेन पर कोतवाली थाना क्षेत्र के मूड़घाट के पास बाइक सवार युवक ट्रक की चपेट में आ गया। बाइक दूर जा गिरी, मगर युवक ट्रक के बीच वाले पहिए के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को किसी तरह किनारे कराया और आवागमन बहाल कराया।
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर (चौरवा) निवासी 23 वर्षीय मोहम्मद इरफान बिजली मिस्त्री थे। बुधवार सुबह बाइक लेकर किसी काम से शहर आ रहे थे। मूड़घाट पर हाईवे पर मुड़ते ही ट्रक चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाइक तो दूर जा गिरी, लेकिन मोहम्मद इरफान ट्रक के पहिए के नीचे आ गए। हालांकि ट्रक चालक ने ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक इरफान के कमर के ऊपर पहिया चढ़ चुका था। मौके पर ही इरफान ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही एसएचओ शशांक शेखर राय और एनएचएआई की टीम पहुंच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हालांकि ट्रक का चालक फरार होने में कामयाब रहा। सूचना पाकर परिवार के लोग भी पहुंच गए।
-
एक ही लेन चलने से हुआ हादसा
- इन दिनों फोरलेन के मरम्मत का कार्य चल रहा है। एक लेन बंद करके दूसरे से वाहनों को गुजारा जा रहा है। बुधवार को भी अयोध्या जाने वाली लेन से ही वाहनों को आने-जाने दिया जा रहा है। एक ही लेन में बाइक, ट्रक, कार, बस आदि आने-जाने की वजह से जाम जैसी स्थिति बनी हुई है। इस बीच इरफान बाइक लेकर जैसे ही फोरलेन पर चढ़ा तभी ट्रक ने चपेट में ले लिया।