बड़ी बहन पर लगाया मां की हत्या का आरोप
बहादुरपुर(बस्ती)। कलवारी थानाक्षेत्र के अकसड़ा गांव में 65 वर्षीय महिला की मौत बुधवार की सुबह हो गई। लोग मिट्टी देने की तैयारी कर रहे थे, तब तक पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में लेने लगी। परिजनों व ग्रामीणों ने कारण पूछा तो पता चला की फोन से इनके हत्या की सूचना मिली है।
बुुधवार सुबह गांव की मेहरूननिशा की मौत हो गई। उनकी दो बेटियां सहीदुन निशा व साकरून निशा हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। बड़ी बेटी सहीदुन मां के पास रहकर उनकी सेवा करती है। बदले में उन्होंने अपनी जमीन उसे बैनामा कर दिया था। ग्रामीणों के अनुसार मेहरून निशा की पांच-छह दिनों से तबीयत खराब थी। इसकी सूचना सकरून को मिली तो भी अकसड़ा आकर रहने लगी। इस बीच बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। जमीन में हिस्सा न मिलने के कारण उसने सहीदुन पर मां की हत्या का अरोप लगाते हुए पुलिस को फोन कर दिया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सौदागर राय अपने टीम के साथ पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ कलवारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।