बस्ती। पुलिस विभाग के आठ कर्मचारियों को अब तक एनपीएस का प्रान नंबर (परमानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नंब) आवंटित नहीं हुआ है। बुधवार को विकास भवन सभागार में आहरण-वितरण अधिकारियों की बैठक में यह मामला सामने आया। मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने पुलिस विभाग के आहरण-वितरण अधिकारी को प्रान नंबर जल्द आवंटित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी ने कहा कि सभी आहरण-वितरण अधिकारी अपने विभाग की रिकंसिलेशन शीट समय से प्राप्त कर उसका अवलोकन करें और आहरित बिलों का स्व सत्यापन सुनिश्चित करें। महालेखाकार कार्यालय को भेजी जाने वाली सूचनाएं भी विभागीय नियमों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।
उन्होंने लंबित उपयोगिता प्रमाणपत्र और एसी बिलों के सापेक्ष डीसी बिल समय से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सामान्य निधि से संबंधित विसंगतियों के निराकरण पर भी चर्चा हुई। बैठक में पुलिस, पीडब्ल्यूडी, जेल, चकबंदी, गन्ना, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।