संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत। सीएमओ डाॅ. आरएस दुबे मंगलवार की रात लगभग 9:00 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत पहुंचे। यहां एक चिकित्सक समेत आठ स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। इमरजेंसी रजिस्टर में लापरवाही सामने आने पर वह भड़क गए।
इस पर जिम्मेदार चिकित्सक का एक माह का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। अनुपस्थित सात अन्य कर्मियों के भी एक दिन का वेतन बाधित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है।
इस दौरान उन्हें डाॅ. राजेश कुमार दुबे, बीएचडब्ल्यू संकट मोचन, दिनेश शर्मा, बीएएम शंभुनाथ, एसटीएस अमित मौर्या, वार्ड ब्वाॅय प्रतिमा, बीसीपीएम अंबिकेश दत्त, चतुर्थ श्रेणी के राजकुमार गुप्ता अनुपस्थित मिले। वहीं पीएचसी छावनी पर तैनात चिकित्साधिकारी डाॅ. दीपक कुमार का हस्ताक्षर सीएचसी विक्रमजोत के रजिस्टर पर पाया गया। सीएमओ ने उन्हें अपना हस्ताक्षर अपनी तैनाती स्थल वाले अस्पताल पर करने के लिए निर्देशित किया।
सीएमओ ने जांच में पाया कि डाॅ. अतुल सिंह द्वारा इमरजेंसी रजिस्टर में सिर्फ खानापूर्ति की गई है। उनकी लिखावट भी अपठनीय पाई गई। 24 घंटे में सिर्फ तीन रोगी देखे गए थे, इसके बाद भी राइटिंग ठीक नहीं थी।
इस पर संबंधित चिकित्सक का नवंबर का वेतन अवरूद्ध किया गया है। सीएमओ ने कहा कि सीएचसी और पीएचसी पर स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों को बेहतर ढंग से मिले, इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है। जिस भी सीएचसी व पीएचसी पर लापरवाही मिलेगी संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।