बस्ती। जिले के आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर सोलर पैनल लगाए जाने की तैयारी है। इसके लिए सांसद राम प्रसाद चौधरी ने सीएमओ को प्रस्ताव भेजा है। पत्र में ऐसी सीएचसी और पीएचसी की सूची उपलब्ध कराने को कहा है, जहां अब तक सोलर सिस्टम नहीं लगा है।
सांसद ने पत्र में कहा है कि सीएचसी और पीएचसी पर सोलर पैनल लगने के बाद जहां बिजली की खपत कम होगी, वहीं मरीजों को बेहतर बिजली सुविधा मिलने से उन्हें सहूलियत मिलेगी। वह सांसद निधि से सीएचसी पर 10 किलोवाट और पीएचसी पर पांच किलो वाट का सोलर सिस्टम लगवाएंगे। सोलर सिस्टम लगने के बाद रात में यदि बिजली कटती है तो सीएचसी व पीएचसी सोलर की लाइट से रोशन रहेंगे। इससे न केवल मरीजों को राहत पहुंचेगी बल्कि रात्रि निवास करने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
जिले में कुल 39 पीएचसी व 14 सीएचसी संचालित हैं। कहीं-कहीं सोलर लग चुके हैं। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि सोलर सिस्टम लगवाने के लिए सांसद की ओर से प्रस्ताव आया है। उन्होंने पत्र के जरिये सीएचसी व पीएचसी का विवरण मांगा है। जल्द ही उन्हें यह विवरण दे दिया जाएगा।