मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई ईको की जांच
- हृदयरोगियों को मिलेगा लाभ, अब नहीं जाना पड़ेगा दूसरी जगह
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। यहां दो दिन से ईको की जांच शुरू हो गई है। अब मरीजों को महानगरों का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा।
डॉ. पंकज सिंह प्रत्येक बुधवार व शनिवार को ओपीडी में हृदयरोगियों का इलाज करते हैं। उन्होंने बताया कि ईसीजी व अन्य जांच के बाद बहुत जरूरी होने पर ही ईको जांच कराई जा रही है। अभी तक यह सेवा यहां नहीं मिल पा रही थी, मरीज को बाहर जाना पड़ता था। अब जांच होने के साथ ही इलाज भी समय से शुरू हो सकेगा।
---------
ईको से इन समस्याओं का चलता है पता
दिल के संपूर्ण स्थिति का पता चलता है। दिल के रोगों को निर्धारित करने में सुविधा मिलती है। जन्मजात हृदय रोग की जांच में सुविधा। किसी भी प्रकार की हृदय में क्षति देखने के लिए (हार्ट अटैक के बाद दिल में होने वाली समस्या)। दिल में सूजन, जलन, सांस फूलने की समस्या। हृदय में खून का थक्का जमना। दिल के आसपास की थैली में पानी जमा होना।
निशुल्क हो रही है जांच
ओपेक अस्पताल कैली में ईको जांच निशुल्क हो रही है। एक रुपये के पर्चे पर कोई भी मरीज चिकित्सक के परामर्श पर जांच करा सकता है। निजी अस्पताल में इसी जांच का शुल्क दो हजार रुपये तक होता है। यह जांच सुविधा होने से रोग का पता समय से चलेगा व इलाज समय से शुरू हो सकेगा।