प्रतापगढ़ के ट्रेवल एजेंट का सुजावलपुर नहर में मिला शव
- गले में फंसी मिली रस्सी, हत्या की आशंका
- अंडरवियर की जेब में मिले एटीएम से हुई राकेश सरोज की पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरपुर (बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र के सुजावलपुर गांव के पास से होकर निकली नहर में बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव मिला। पहचान प्रतापगढ़ के निवासी 41 वर्षीय राकेश सरोज के रूप में हुई। गले में रस्सी फंसी हुई मिली, जिससे कसकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सुजावलपुर गांव के पास से होकर सरयू नहर गुजरी है, जिसमें पानी नहीं आता है। बृहस्पतिवार को सुबह गांव के लोगों ने नहर में पड़ा शव देखा। ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ ने बताया कि शुरूआती जांच में युवक के गले में रस्सी के कारण हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। तलाशी में पाया गया कि युवक जेब लगी अंडरवियर पहने हुए था। जिसमें एक एटीएम कार्ड मिला।
कार्ड से उसकी पहचान 41 वर्षीय राकेश सरोज पुत्र सुखनंदन सरोज निवासी बोझी थाना देल्हुपुर जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई। एसपी आशीष श्रीवास्तव, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ कलवारी विनय कुमार चौहान ने भी निरीक्षण किया।
एसपी ने बताया कि मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिवार वालों से पुलिस की बात होने के बाद जानकारी हुई कि राकेश लखनऊ में ट्रेवल एजेंट का काम करते थे। वह यहां कैसे पहुंचे इसके बारे में पुलिस जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रही है।