बस्ती। जिले के 2023 परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इको क्लब का गठन किया जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय को क्लब के संचालन के लिए पांच हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में शामिल कर उन्हें जागरूक किया जाएगा।
इको क्लब का गठन विद्यालय के प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में किया जाएगा। क्लब के संचालन के लिए एक शिक्षक को नोडल प्रभारी नामित किया जाएगा, जो वर्षभर विभिन्न गतिविधियों का संचालन करेंगे। विद्यालय परिसर और आसपास पौधरोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान, कचरा पृथक्करण, स्वच्छता अभियान, जैविक खाद तैयार करना और ऊर्जा संरक्षण जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों की निगरानी जिला और ब्लॉक स्तर पर भी की जाएगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में इको क्लब का गठन कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना और उन्हें व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि बच्चे स्वयं पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझेंगे और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।