बस्ती। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से 22 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में इको क्लब का गठन किया जाएगा। इसके जरिये विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित की जानी है। इस संबंध में राज्य परियोजना निदेशक की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला परियोजना अधिकारी को पत्र भेजा गया है।
बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय विद्यालयों में ईको क्लब का गठन किया जाना है। जिससे की बच्चों का व्यवहार पर्यावरण के अनुकूल बन सके। विद्यालयों में लगाए गए वनस्पतियों की पहचान के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से कराया जाएगा। क्यू आर कोड के माध्यम से पहचाने गए वनस्पतियों का अभिलेखीकरण किया जाएगा। विद्यालय परिसर में वनस्पति उपलब्ध न होने की दशा में निकटतम पार्क या बगीचे आदि का उपयोग किया जाएगा।
ईको क्लब के गठन के लिए विद्यालयों को धनराशि देने का प्रावधान किया गया है। विद्यालयों को 15 हजार रुपये तक देने का प्रावधान किया गया है।
इको क्लब की गतिविधियों को मिशन लाइफ पोर्टल htpl//ecoclubs.education.gov पर अपलोड किया जाएगा। जीजीआईसी की प्रधानाचार्या अर्पणा भारद्वाज के मुताबिक, पर्यावरण संरक्षण और उसके स्थायी विकास के लिए छात्र-छात्राओं को इको क्लब के माध्यम से जागरूक करना है। बच्चों को पेड़ लगाना, स्वच्छता अभियान, प्राकृतिक संरक्षण और बागवानी के प्रति जोड़ा जाएगा। इससे बच्चों को एक-दूसरे का सहयोग करने और अधिक से अधिक सीखने का मौका मिलेगा।
डीआईओएस जगदीश चंद्र शुक्ला का कहना है कि विद्यालयों में ईको क्लब के गठन के निर्देश दिए गए हैं। इससे ज्ञान वृद्धि के साथ पर्यावरण के प्रति बच्चों का जुड़ाव बढ़ेगा और उन्हें अधिक से अधिक सीखने का मौका मिलेगा।