जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज संवाद
बस्ती। मौसम के बदलाव के चलते लोग खांसी-जुकाम और त्वचा रोग से परेशान हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना खांसी से पीड़ित 30 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। बीते एक सप्ताह में दिन में तेज धूप व रात में ठंड के चलते जुकाम व गले के खराश के साथ खांसी के मरीज बढ़े हैं।
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को करीब 745 मरीज इलाज कराने पहुंचे। बहुत से मरीज गले में संक्रमण, टॉन्सिल की समस्या और कान में दर्द से पीड़ित थे। ईएनटी सर्जन डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि कान में दर्द की शिकायत लिए मरीज आ रहे हैं। जांच कर दवाएं दी जा रही हैं।
फिजिशियन डॉ. रामजी सोनी ने बताया कि संक्रमण ज्यादातर गले और श्वसन तंत्र को प्रभावित कर रहा है। मरीजों में गले में दर्द, बलगम, बुखार और खांसी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
वहीं, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. राम अनुग्रह ने बताया कि त्वचा संबंधी रोगी ठंड में बढ़े हैं। ठंड के चलते नमी होने से त्वचा में सूखापन आ जाता है। इससे चेहरे पर चक्कते, खुजली आदि की शिकायत होती है। साथ ही एक्जिमा भी परेशान कर रहा है। ओपीडी में करीब 95 मरीजों को परामर्श व उपचार दिया गया।