मुंडेरवा(बस्ती)। कीचड़ में तब्दील मुंडेरवा कस्बे में रविवार को फिर एक बार बड़ी दुर्घटना टल गई। शुगर मिल गेट के पास आलू लदी डीसीएम कीचड़ में स्लिप करने से दुकान में जा घुसी। एक हफ्ते पहले रोडवेज की बस भी स्लिप करने से पोल से टकराते हुए दुकान में चली गई थी।
रविवार सुबह खडे़श्वरी बाबा मंदिर के सामने आलू लदी डीसीएम मुख्य मार्ग पर कीचड़ के चलते स्लिप कर गई। आसपास किसी के न होने से किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। शुगर मिल की ओर से यार्डों को पक्का नहीं कराया गया है। नई मिट्टी होने से गन्ना लदे वाहन जब यार्ड में जाते हैं तो कीचड़ भी पहियों के माध्यम से जाते हैं जिससे सड़क पर कीचड़ फैला हुआ है। पानी की निकास नहीं होने से तीन दिन पहले हुई बारिश से सभी प्रमुख मार्गों पर कीचड़ पसरा है। रविवार को यदि दोपहर में यह हादसा होता तो काफी लोग चपेट में आते। कस्बे के विनोद जायसवाल, सर्वेश कुमार, मंतोष, सुनील, अंशू पांडेय, शिवम भट्ट, रामकृपाल, मनीष कुमार, किशन आदि का कहना है कि कीचड़ के चलते कस्बे में आने से ग्राहक भी कतराने लगे हैं। जिसका असर दुकानदारी पर पड़ रहा है। इसकी शिकायत भी जिला और शुगर मिल प्रशासन से की गई है लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।