बस्ती। मौसम में बदलाव का असर त्वचा पर दिख रहा है। वर्तमान में खुजली और एग्जिमा के पुराने रोग भी बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 100 से 150 से अधिक मरीज त्वचा रोग की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। तापमान में गिरावट और ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है, जिसके चलते त्वचा में सूखापन देखा जा रहा है।
जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. राम अनुग्रह ने बताया कि ठंड मौसम में शरीर में खुजली और दूसरी समस्याएं हो रही हैं। इनके अलावा कई अन्य प्रकार के त्वचा संबंधी रोग भी सामने आ रहे हैं, जिनके उपचार के लिए मरीज जिला अस्पताल का रुख कर रहे हैं। बताया कि ठंड में त्वचा सूखने लगती है। वातावरण में मौजूद जीवाणुओं और गंदगी से त्वचा में संक्रमण का खतरा रहता है। खुजली अथवा फुंसी, अन्य चर्म रोग भी हो जाते हैं।
इन दिनों होने वाली खुजली डर्मेटाइटिस कहलाती है, जो ठंड के मौसम में शरीर के किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकती है। इसे ठीक करने के लिए नियमित इलाज कराना चाहिए और गंदगी और खानपान में भी ध्यान रखने की जरूरत है। एग्जिमा के रोगी भी आ रहे। लंबे समय से त्वचा संबंधी रोग है तो नियमित दवा करें, इससे छुटकारा मिल सकता है। सफाई बहुत जरूरी है। कपड़े को गर्म पानी में धुलें। इससे एलर्जी की समस्या भी कम होगी। मंगलवार को ओपीडी में 785 मरीज आए, जिसमें त्वचा रोग विभाग में 150 से अधिक रोगी देखे गए।